शोले के 50 साल

 1975 का दूसरा आधा भारत के इतिहास में एक अलग ही दौर था। आपातकाल (Emergency) लागू था, चारों ओर सेंसरशिप, अभिव्यक्ति की आज़ादी पर रोक, और युवाओं में गहरी हताशा थी। लोगों के भीतर गुस्सा था, लेकिन साथ ही बदलाव की एक चुपचाप उम्मीद भी। इसी माहौल में 15 अगस्त 1975 को एक फिल्म आई—पूरे मसालेदार अंदाज़ में, मानो 10 फिल्मों का सार एक ही कहानी में समा गया हो। जावेद अख्तर के बेहतरीन संवाद, धर्मेंद्र और अमिताभ का अपने करियर के चरम पर होना, और आर.डी. बर्मन का शानदार संगीत शोले ने सबको मोह लिया।


शुरुआत में शोले ज़्यादा नहीं चली। यहां तक कि प्रोड्यूसर ने भी सुझाव दिया था कि अंत बदल दें—जय (अमिताभ) को ज़िंदा दिखाकर, उसकी शादी राधा (जया भादुरी) से करा दें। लेकिन किस्मत का खेल देखिए—एक हफ्ते के भीतर फिल्म ने ऐसा रफ्तार पकड़ा कि लोग इसे बार-बार देखने लगे।

मेरी नज़र में 1975 सच में पंचम (आर.डी. बर्मन) और अमिताभ का साल था। दीवार, शोले, आंधी—हर फिल्म ने अलग छाप छोड़ी। दीवार में ‘अंग्री यंग मैन’ का गुस्सा, आंधी में राजनीतिक व्यंग्य और भावनाओं का संगम, और शोले में दोस्ती, बदला, प्यार और रोमांच—सब कुछ। संजीव कुमार की बहुमुखी प्रतिभा भी देखने लायक थी—कभी बूढ़े ठाकुर, तो कभी रोमांटिक हीरो।

उस साल की कुछ बेहतरीन फिल्में—

  • दीवार – समाज की सच्चाई और भ्रष्टाचार के खिलाफ सीधी टक्कर।

  • आंधी – इंदिरा गांधी से प्रेरित कहानी, जो राजनीति और रिश्तों की गहराई में उतरती है।

  • चुपके चुपके – हल्की-फुल्की कॉमेडी का अनोखा नमूना।

  • रफ़ू चक्कर – मासूम-सी कॉमेडी और शानदार म्यूज़िक।

  • जूली – प्रेम, त्याग और सामाजिक मान्यताओं के टकराव की कहानी।

  • जय संतोषी मां – कम बजट की, लेकिन अपार आस्था से भरी सुपरहिट।


इन फिल्मों में एक बात समान थी—हर कहानी में कहीं न कहीं उम्मीद थी कि आज नहीं तो कल, कुछ बदलेगा ज़रूर।

और आज, शोले के 50 साल बाद भी, वह उतनी ही बेमिसाल है—संवाद, किरदार और संगीत आज भी दिल पर राज करते हैं।



PS : मेरे हिसाब से 1975 की सबसे बेहतरीन फिल्म दीवार ही थी। बाकी, जब थोड़ा बड़ा हुआ और दुनिया भर की फिल्में देखीं, तब समझ आया कि शोले कोई ख़ास नहीं थी। हाँ, इसमें गब्बर जैसा किरदार था, जो इतना असरदार बना कि आज भी दोस्तों के बीच किसी को मज़ाक में “गब्बर” कह देते हैं। लेकिन कहानी के मामले में, बस वही एक चीज़ थी जो टिक गई।

इसके बाद वही टीम शान लेकर आई, लगभग उसी तर्ज़ पर… लेकिन उसमें भी कुछ ख़ास नहीं था। न कहानी में दम, न ही कोई नया मज़ा—बस दिखावटी तामझाम और फीका असर। सच कहूँ तो, मेरे लिए वो बस बेकार ही थी।

Comments